65 फीट ऊंचे भव्य पंडाल में विराजेंगे गणराज, गांधी मैदान में गणेश महोत्सव की तैयारियां तेज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 अगस्त जामताड़ा। शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठान के बीच विधिवत भूमि पूजन कर पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। आचार्य रामानंद पांडेय सहित अन्य पुरोहितों ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद मुख्य खंभा स्थापित कर भव्य पंडाल निर्माण की आधारशिला रखी गई।इस वर्ष श्रद्धालुओं को गणेश पूजा महोत्सव में कुछ अलग और आकर्षक देखने को मिलेगा। आयोजन समिति द्वारा पंडाल को काल्पनिक मंदिर की तर्ज पर ‘माटीर घरे गणराज’ यानी मिट्टी के घर की विशेष थीम पर तैयार कराया जा रहा है। करीब 65 फीट ऊंचा पंडाल महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा। पंडाल और गणेश प्रतिमा को अंतिम रूप देने के लिए पश्चिम बंगाल से कुशल कारीगरों को बुलाया गया है।भूमि पूजन के बाद पूजा समिति के अध्यक्ष मुक्ताराम दत्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें महोत्सव की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग उप समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रतिमा निर्माण, पंडाल सजावट, विद्युत व्यवस्था, आकर्षक लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया।महोत्सव में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। जिला प्रशासन के सहयोग से निजी सुरक्षा गार्डों की तैनाती के साथ पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।गणेश पूजा के साथ गांधी मैदान में भव्य मेले का आयोजन भी होगा। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए तारामाची, ब्रेक डांस, ड्रैगन झूला समेत कई आकर्षक झूले लगाए जाएंगे। वहीं मीना बाजार में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।मौके पर समिति अध्यक्ष मुक्ताराम दत्ता, सचिव संतोष बरनवाल, प्रवीन अग्रवाल, दीनबंधु सिंह, चंचल भंडारी, संजय दत्ता, सुजीत सिंह, निभाई दा, दीपक बर्मन, सुनील साव, सोनू शेट्टी, सूरज अग्रवाल, सुधीर यादव सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *