जनसेवा के संकल्प के साथ शिव भक्ति का संगम, वार्ड पार्षद संयोगिता देवी ने कराया भव्य शिव चर्चा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 जून 2026 मिहिजाम। शहर के किशोरी धर्मशाला के समीप स्थित शिव मंदिर परिसर में सोमवार को वार्ड संख्या 10 की पार्षद संयोगिता देवी के नेतृत्व में भव्य शिव चर्चा एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण किया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और भजनों से गुंजायमान रहा।पार्षद संयोगिता देवी ने बताया कि वार्ड चुनाव में जनता द्वारा दिए गए अपार समर्थन और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि बनने का अवसर उन्हें क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद और सहयोग से मिला है। इसी खुशी और कृतज्ञता के भाव के साथ भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करने तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए शिव चर्चा का आयोजन कराया गया।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से शिव कथा और भक्ति प्रवचन का श्रवण किया। शिव चर्चा में भगवान शिव के आदर्श, सेवा, करुणा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान शिव की आराधना मनुष्य को सकारात्मक सोच, संयम और समाज सेवा की प्रेरणा देती है।धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र के विकास की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धा और आस्था का अनूठा वातावरण देखने को मिला।शिव चर्चा के समापन के बाद उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।इस अवसर पर पार्षद संयोगिता देवी ने कहा कि जनसेवा के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वार्ड के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करती रहेंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं एवं वार्डवासियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *