जामताड़ा में टेबल टेनिस को मिलेगी नई उड़ान, जिला संघ का गठन; संजय बर्मन मुख्य संरक्षक और विपिन दुबे बने अध्यक्ष

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 जुलाई 2026 जामताड़ा। जिले में टेबल टेनिस खेल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जामताड़ा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन का विधिवत गठन किया गया। नगर स्थित एक निजी होटल में आयोजित बैठक में झारखंड राज्य टेबल टेनिस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया। कार्यक्रम में खेल के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।एसोसिएशन के गठन की प्रक्रिया झारखंड राज्य टेबल टेनिस एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं ऑब्जर्वर साकेत कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष अजय कुमार महाजन तथा जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक दुबे की देखरेख में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से संजय बर्मन को मुख्य संरक्षक, विपिन दुबे को अध्यक्ष, जतिन परशुरामका एवं विजय तिवारी को उपाध्यक्ष, सौगत माहता को महासचिव, लता कौशर, चंदन केसरी और विभाष कुमार को संयुक्त सचिव तथा मित्रा पाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अक्षय चौबे, खुशबू हेम्ब्रम, रितिक कुमार, अर्घ चटर्जी और अपूर्व प्रदीप को जिम्मेदारी सौंपी गई।इस अवसर पर जिले के कई खेल प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं।मुख्य ऑब्जर्वर साकेत कुमार सिन्हा ने कहा कि नवगठित जिला संघ भविष्य में जिले में टेबल टेनिस को नई पहचान दिलाने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एसोसिएशन संगठित तरीके से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने बताया कि संघ की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और जल्द ही सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के साथ जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।मुख्य संरक्षक संजय बर्मन ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एसोसिएशन के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।नवनिर्वाचित अध्यक्ष विपिन दुबे ने कहा कि टेबल टेनिस युवाओं के लिए एक उत्कृष्ट खेल है और इसे लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से जल्द ही दो नए टेबल टेनिस बोर्ड खरीदे जाएंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर जिले से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *