न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 जुलाई 2026 मिहिजाम। शुक्रवार सुबह चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रहे सब्जी लदे पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि घायल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान जामताड़ा की दिशा से रूपनारायणपुर की ओर जा रहे तेज गति के पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही मिहिजाम पेट्रोलिंग टीम के एएसआई सोनेलाल किस्कू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को मिहिजाम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान चित्तरंजन के फतेहपुर निवासी दिनेश सिंह के रूप में हुई।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिनेश सिंह ट्रेन पकड़ने के लिए चित्तरंजन रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन के सामने तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी दे दी, जिसके बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कांगोई चेक पोस्ट के पास बेरियर लगा होने के कारण वाहन छोड़ चालक फरार हो गया। वाहन का पंजीकरण संख्या WB-37E-7106 है। बताया गया कि वाहन में सब्जियां लदी थीं और वह जामताड़ा से रूपनारायणपुर की ओर जा रहा था। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश जारी है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल के साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन के आसपास यातायात नियंत्रण और वाहनों की गति पर प्रभावी निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
तेज रफ्तार सब्जी लदे पिकअप की चपेट में आए राहगीर, स्टेशन पहुंचने से पहले थम गई जिंदगी
