न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 सालानपुर। हिंदुस्तान केबल्स स्थित श्रमिक मंच रविवार को कला और संस्कृति का केंद्र बना रहा, जहां सृजन द स्पार्क, आसनसोल चैप्टर की ओर से आयोजित टैलेंट हंट-2026 का भव्य आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने एकल गायन और एकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे दिन चले कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और सम्मान देकर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रसिद्ध संगीत प्रेमी एवं समाजसेवी अभिजीत राय तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा सालानपुर मंडल अध्यक्ष चिन्मय तिवारी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विश्वनाथ रुज, रमेश कुमार पांडेय, संजय कुमार सिंह, चरणजीत सिंह, प्रदीप भौमिक, बाप्पा कुंडू, बिभूति दा, गायक सुमन, गायक बिप्लब चटर्जी, संगीतकार रूपम चक्रवर्ती, प्रदीप्त दत्ता, तंद्रा दत्ता, रुमाली मुखर्जी और अभिनंदन चटर्जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।इससे पहले संस्था की सचिव डॉ. पूनम सिंह ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न और पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि अभिजीत राय ने स्वयं कीबोर्ड पर मधुर धुन प्रस्तुत की, जिस पर गायक सुमन ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम की शुरुआत को यादगार बना दिया।गायन प्रतियोगिता का मूल्यांकन चैताली माझी और सोमा पाल ने किया, जबकि नृत्य प्रतियोगिता की निर्णायक पल्लवी बंद्योपाध्याय और चुमकी बागची रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की सुर, ताल, लय, भाव-भंगिमा, मंच प्रस्तुति और कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर परिणाम घोषित किए।एकल गायन प्रतियोगिता में ग्रुप-सी के विजेता अनुभव सेनगुप्ता, ग्रुप-डी के अग्निश मुखर्जी और ग्रुप-ई के एस.एन. झा रहे। वहीं एकल नृत्य प्रतियोगिता में ग्रुप-ई की सृति दास, ग्रुप-एफ की इंद्राक्षी पांडेय, ग्रुप-जी की सोहिनी मुखर्जी तथा ग्रुप-एच की देबनबीता बोस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ आवाज, सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति, सर्वश्रेष्ठ तालबोध, सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा, सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी, जजेज़ चॉइस, मोस्ट प्रॉमिसिंग सिंगर, मोस्ट प्रॉमिसिंग डांसर और विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।मुख्य अतिथि अभिजीत राय ने अपने संबोधन में कहा कि “हर बच्चे के भीतर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत केवल उसे सही मंच और उचित मार्गदर्शन देने की होती है। ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा भी देते हैं।”वहीं संस्था की सचिव डॉ. पूनम सिंह ने कहा कि “सृजन द स्पार्क का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण और छोटे शहरों में छिपी प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर देना है। भविष्य में भी संस्था ऐसे रचनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन लगातार करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिल सके।”कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में अभिभावकों, कलाकारों और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शानदार प्रस्तुतियों और सफल आयोजन ने यह साबित कर दिया कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और मंच उपलब्ध कराने की है।
सृजन द स्पार्क टैलेंट हंट-2026 में प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन, हिंदुस्तान केबल्स में दिनभर गूंजे सुर और थिरके कदम
