जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो स्थानों पर छापेमारी, 9 साइबर ठग गिरफ्तार, 27 मोबाइल और 39 सिम कार्ड बरामद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 जुलाई 2026 जामताड़ा। साइबर अपराध पर लगातार शिकंजा कस रही जामताड़ा पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि साइबर थाना की टीम ने करमाटांड़ और जामताड़ा थाना क्षेत्र में एक साथ छापेमारी अभियान चलाकर नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और मटटांड़ इलाके में झाड़ियों से घिरे स्थानों पर छापेमारी की। यहां से पांच संदिग्धों को रंगे हाथों साइबर ठगी करते हुए दबोच लिया गया। इसके बाद जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहड़ा गांव के समीप सुनसान सड़क किनारे झाड़ियों में चल रहे दूसरे ठिकाने पर कार्रवाई की गई, जहां से चार अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 27 मोबाइल फोन और 39 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को मोबाइल पर कैशबैक और अन्य आकर्षक ऑफर का संदेश भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक या विकल्प को स्वीकार करता था, उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर रकम निकाल ली जाती थी। इसके अलावा आरोपी स्वयं को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों से एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से पैसे उड़ा लेते थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं, जिससे इनके संगठित साइबर गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इनके नेटवर्क, बैंक खातों, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल कड़ियों की गहन पड़ताल कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।जामताड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, कैशबैक ऑफर, संदिग्ध लिंक या बैंक संबंधी जानकारी मांगने वाले व्यक्ति पर भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। पुलिस अधीक्षक ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *