न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कोल समाज को गहरे शोक में डुबो दिया। भारत प्राचीन आदिवासी कोल जाति कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता उमा नाथ कोल (लगभग 70 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके निधन की खबर फैलते ही समाज के लोगों, समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय से सामाजिक अधिकारों और कोल समुदाय के उत्थान के लिए सक्रिय रहे उमा नाथ कोल को क्षेत्र में एक सम्मानित जननेता के रूप में जाना जाता था। उनका झारखंड आंदोलन से भी पुराना जुड़ाव रहा और वे वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे।जानकारी के अनुसार, शनिवार को उमा नाथ कोल मोटरसाइकिल से फतेहपुर से जामताड़ा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर डिग्री कॉलेज के समीप सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरी बाइक गलत दिशा से आ रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और उमा नाथ कोल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर के सामने आते ही सदर अस्पताल में उनके समर्थकों और समाज के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।उमा नाथ कोल के निधन को कोल समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। समाज के कई पदाधिकारियों ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक जागरूकता, संगठन को मजबूत करने और समुदाय के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित किया। उनके जाने से समाज ने एक अनुभवी मार्गदर्शक और मजबूत नेतृत्व खो दिया है।इधर, दुर्घटना के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे में बाइक चालक भी घायल हुआ है, जिसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फतेहपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कोल समाज ने खोया अपना प्रमुख चेहरा, राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा नाथ कोल का निधन
