न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त जामताड़ा। केंद्र सरकार के प्रस्तावित MMDR विधेयक के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को पियारसोला पंचायत भवन में झामुमो की बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही आगामी 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होने वाले धरना एवं विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया माखुनी हेंब्रम ने की। कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय कमेटी सदस्य प्रो. कैलाश प्रसाद साव, रविंद्र नाथ दुबे, जिला प्रवक्ता आनंद टुडू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेरी मरांडी, नगर परिषद मिहिजाम के सचिव महेंद्र टुडू तथा उपमुखिया मो. अली सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित MMDR विधेयक का झारखंड पर व्यापक असर पड़ सकता है। नेताओं ने ग्रामीणों को विधेयक के प्रावधानों और उससे उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से अवगत कराते हुए कहा कि यदि यह कानून लागू होता है तो राज्य के हित और जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं।वक्ताओं ने कहा कि झामुमो किसी भी ऐसे प्रावधान को स्वीकार नहीं करेगा, जिससे झारखंड के अधिकारों और संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने राज्यभर में आंदोलन का निर्णय लिया है। इसके तहत 7 सितंबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।झामुमो नेताओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन को मजबूत करें। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ और पंचायत स्तर पर सक्रिय करने तथा ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
MMDR विधेयक के विरोध में झामुमो ने कसी कमर, 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय घेराव का ऐलान

