जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचे उपायुक्त, तोड़फोड़ के बाद हालात का लिया जायजा; उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा मजबूत करने के दिए निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 जुलाई 2026 जामताड़ा। सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात की मौत के बाद हुई तोड़फोड़ की घटना को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शुक्रवार को अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल के पंजीकरण काउंटर, मातृत्व वार्ड, लेबर रूम, आईसीयू, जनरल वार्ड सहित विभिन्न विभागों का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों से घटना की पूरी जानकारी ली तथा अस्पताल में इलाज की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की।उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ से क्षतिग्रस्त हुए हिस्सों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी तथा जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन हर आवश्यक कदम उठाएगा।अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक को परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह कार्यशील रखने, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अस्पताल में आने वाले मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चिकित्सकों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्माणाधीन आईसीयू वार्ड की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईसीयू को जल्द से जल्द पूरी तरह संचालित करने के लिए आवश्यक उपकरण, संसाधन और प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें जिले में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत बनाने, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य व्यवस्था में लोगों का विश्वास कायम रखने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *