देवघर में दम दिखाएंगे जामताड़ा के खिलाड़ी, डीएवी विद्यालय की 25 सदस्यीय टीम हुई रवाना

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 जुलाई जामताड़ा। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का दल डीएवी संकुल स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता–2026 में भाग लेने के लिए शुक्रवार को देवघर के लिए रवाना हुआ। 24 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की मेजबानी गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, सातर रोड, भंडारकोला (देवघर) करेगा। प्रतियोगिता में विभिन्न डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।जामताड़ा विद्यालय की ओर से कुल 25 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी वॉलीबॉल (बालिका वर्ग), योगा (बालिका वर्ग), ताइक्वांडो (बालक वर्ग) और बैडमिंटन (बालक वर्ग) में अपनी चुनौती पेश करेंगे। विद्यालय प्रबंधन को उम्मीद है कि बेहतर प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ी अगले चरण यानी प्रक्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।खिलाड़ियों को रवाना करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी की है। उन्हें विश्वास है कि टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेगी और अगले स्तर तक अपनी जगह बनाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है। आधुनिक खेल सुविधाएं और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि विद्यालय के छात्र-छात्राएं लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहे हैं।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और देखरेख करने के लिए विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक अभिषेक दुबे तथा शिक्षिका अंजु कुमारी भी टीम के साथ देवघर रवाना हुए हैं। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन और सफलता की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *