सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी अब हर घर तक पहुंचेगी, तालबेरिया में महिला समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 जुलाई जामताड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जामताड़ा प्रखंड की लाधना पंचायत के तालबेरिया गांव में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिला नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों (पीआरआई सदस्यों) के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नेतृत्व को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें अपने-अपने गांवों में जागरूकता फैलाने के लिए सक्षम बनाना था।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन सहायता, मातृत्व लाभ, राशन, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की पूरी जानकारी सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाई गई। साथ ही यह भी बताया गया कि जरूरतमंद लोगों को योजनाओं से जोड़ने में स्थानीय महिला समूह और पंचायत प्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।प्रशिक्षकों ने कहा कि सरकार की कई योजनाएं केवल जानकारी के अभाव में वास्तविक लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे में गांव स्तर पर सक्रिय महिला समूह और जनप्रतिनिधि जागरूकता अभियान चलाकर इस स्थिति में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में ओंकार सेवा संस्थान की ओर से संतोष पाल, स्वपन राय, अनिल मुर्मू, सुचिंद्र भगत, गौरव सिंह, सोनाली बाउरी और शांति किस्कू ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने उपस्थित महिला नेताओं और पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का अभियान चलाएं, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने अपने गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *