न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 28 जुलाई आसनसोल। पश्चिम बर्धमान जिले के पुंचड़ा स्थित भगवान महावीर दिगंबर जैन सरकार (बी.एम.डी.जे.एस.) हाई स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर मंगलवार को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस सामाजिक पहल में पूर्व छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ बाराबनी के विधायक अरीजीत राय, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिजीत उपाध्याय और समाजसेवी अमल राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद रक्तदान शिविर की औपचारिक शुरुआत हुई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया।प्रधानाध्यापक अभिजीत उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के उद्देश्य से इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता और विद्यालय परिवार भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।इस शिविर में आसनसोल जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रह किया। लगभग 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो विभिन्न मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित होगा। रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए विधायक अरीजीत राय, प्रधानाध्यापक अभिजीत उपाध्याय तथा विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न स्वरूप कलम भेंट की।विधायक अरीजीत राय ने विद्यालय परिवार को स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक सेवा की भावना विकसित करना किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय के विकास, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी गतिविधियों में उनका सहयोग आगे भी निरंतर बना रहेगा।
स्वर्ण जयंती पर सेवा का अनूठा संदेश, रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह; पूर्व छात्र, अभिभावक और शिक्षकों ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी

