न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 28 जुलाई अंडाल (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के अंडाल क्षेत्र के विश्वेश्वरी इलाके में मंगलवार दोपहर अचानक जमीन धंसने की घटना से भारी दहशत फैल गई। देखते ही देखते धसाव की चपेट में आए इलाके के लोग अपने घर छोड़कर जान बचाने के लिए खुले मैदान की ओर भागे। घटना विश्वेश्वरी के प्रसिद्ध नीलकंठ मंदिर से करीब 200 मीटर दूर धोबा पाड़ा बस्ती में हुई, जहां लगभग एक हजार लोगों का निवास है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में अचानक तेज कंपन महसूस हुआ। कुछ ही क्षणों में जमीन धंसने लगी और कई मकानों में दरारें पड़ गईं। स्थिति को गंभीर होता देख लोगों ने बिना देर किए परिवार के साथ घर खाली कर दिया। कई लोग अपने जरूरी सामान तक नहीं निकाल सके और जो हाथ लगा उसे लेकर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।सूचना मिलते ही उखड़ा फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और माइकिंग कर लोगों से तत्काल प्रभावित क्षेत्र खाली करने की अपील की। इसके बाद बड़ी संख्या में परिवार पास के मैदान में शरण लेने को मजबूर हो गए। लगातार हो रही बारिश के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे रात गुजारने की चिंता में डूबे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती के समीप स्थित ईसीएल की विश्वेश्वरी कोलियरी में लंबे समय से कोयला खनन होता रहा है। उनका अनुमान है कि भूमिगत खनन के कारण जमीन के भीतर खाली स्थान बनने से यह धंसाव हुआ हो सकता है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक ईसीएल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित आवास, राहत सामग्री और क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्वास की मांग की है। पूरे इलाके में भय का माहौल है और लोग भविष्य को लेकर गहरी चिंता में हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अंडाल में जमीन धंसने से मची अफरा-तफरी, सैकड़ों परिवारों ने घर छोड़े; खुले मैदान में शरण लेने को मजबूर लोग
