सुरक्षा सप्ताह के समापन पर जमुड़िया ट्रैफिक पुलिस की पहल, चालकों और बुजुर्गों के लिए लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 9 अगस्त जमुड़िया। सुरक्षा सप्ताह के समापन अवसर पर रविवार को जमुड़िया ट्रैफिक गार्ड परिसर में एक सराहनीय सामाजिक पहल देखने को मिली। ट्रैफिक विभाग की ओर से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में बड़ी संख्या में व्यावसायिक एवं निजी वाहन चालकों के साथ बुजुर्ग पुरुष-महिलाओं ने भी पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 3 से 9 अगस्त तक किया गया।सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से वाहन चालकों के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया था। अधिकारियों के अनुसार वाहन चलाते समय बेहतर दृष्टि बेहद जरूरी है, ऐसे में नियमित आंखों की जांच दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।शिविर में पहुंचे कई लोगों ने बताया कि उन्हें ट्रैफिक गार्ड की ओर से मोबाइल संदेश के माध्यम से शिविर की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वे निर्धारित समय पर परिसर पहुंचे। यहां विशेषज्ञों द्वारा आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान जिन लोगों को उपचार या ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उनके लिए आगे की प्रक्रिया के तहत ऑपरेशन की तारीख भी निर्धारित की जा रही थी।कार्यक्रम के दौरान जमुड़िया ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी अधिकारी सुकांत दास, एसआई एसके हसीबुल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सिविक वॉलेंटियर मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने शिविर में पहुंचे बुजुर्गों और वाहन चालकों को जांच प्रक्रिया में सहयोग करने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।सुरक्षा सप्ताह के दौरान यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के साथ इस तरह की स्वास्थ्य संबंधी पहल को लोगों ने पुलिस की संवेदनशील और जनहितकारी सोच का उदाहरण बताया। शिविर में शामिल लोगों ने ट्रैफिक विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *