हिन्दुस्तान केबल्स मैदान में गूंजा फुटबॉल का रोमांच, टाईब्रेकर में बाँथानबाड़ी ने जीता खिताब

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 सितंबर सलानपुर। हिन्दुस्तान केबल्स मैदान में रविवार को फुटबॉल का रोमांच चरम पर रहा। प्रयास संस्था की ओर से आयोजित दो दिवसीय 16 टीमों के फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें बाँथानबाड़ी एकादश ने टाईब्रेकर में एचसीएल बॉयज को 1-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। निर्णायक मुकाबले के बाद मैदान और दर्शक दीर्घा में बाँथानबाड़ी के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।प्रतियोगिता का आयोजन चित्तरंजन राय विनर्स कप, अभयकृष्ण मंडल रनर्स कप और अशोका माजी फेयर प्ले ट्रॉफी के लिए किया गया था। टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के खिलाड़ियों के साथ-साथ फुटबॉल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को प्री-क्वार्टर फाइनल के चार मुकाबले खेले गए। इन मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाली चार टीमों ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए एचसीएल बॉयज और बाँथानबाड़ी एकादश फाइनल तक पहुंचीं।फाइनल में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक दोनों ओर से गोल नहीं हो सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद विजेता का फैसला टाईब्रेकर से किया गया। यहां बाँथानबाड़ी एकादश ने संयम और बेहतर रणनीति का परिचय देते हुए एचसीएल बॉयज को 1-0 से शिकस्त दी।समापन समारोह में विजेता बाँथानबाड़ी एकादश को 30 हजार रुपये नकद और आकर्षक मोमेंटो, जबकि उपविजेता एचसीएल बॉयज को 20 हजार रुपये का चेक और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रयास संस्था के सदस्यों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी व्यक्तिगत रूप से पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया। आयोजन के दौरान खेल भावना और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *