न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 जुलाई जामताड़ा। श्रावण मास और श्रावणी मेला-2026 के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला नियंत्रण कक्ष तथा डायल-112 सेवा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा पुलिसकर्मियों की कार्यशैली का गहन जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।एसपी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की कार्यक्षमता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों की विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।निरीक्षण के दौरान डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के निस्तारण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आम नागरिकों से मिलने वाली हर सूचना पर बिना विलंब विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा संबंधित थाना क्षेत्र के माध्यम से उसका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान पुलिस की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध सूचना को हल्के में न लिया जाए। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए।इस अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी, पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी जामताड़ा, पुलिस केंद्र के अधिकारी तथा अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य श्रावणी मेला-2026 के दौरान जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना बताया गया।
श्रावणी मेले को लेकर जामताड़ा पुलिस अलर्ट, एसपी ने कंट्रोल रूम और डायल-112 का किया औचक निरीक्षण
