न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 जुलाई जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। छापेमारी के दौरान जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप से आरोपियों को रंगेहाथ दबोचा गया।पहली कार्रवाई में सोनबाद निवासी बिक्रम दाँ को उसके घर से साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने बेवा गांव के उत्तर स्थित सागवान और शीशम के जंगल के पास छापेमारी कर जय कुमार दास और हेमंत दास को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन, आठ सक्रिय सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।जांच में सामने आया कि बिक्रम दाँ लोगों को बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड बंद होने तथा केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करता था। इसके बाद उन्हीं जानकारियों का दुरुपयोग कर खातों से रकम उड़ाई जाती थी।वहीं जय कुमार दास और हेमंत दास अमेजन पे एप के माध्यम से मोबाइल नंबरों का डाटा जुटाकर लोगों को फोन करते थे। दोनों खुद को बैंक या अधिकृत संस्था का प्रतिनिधि बताकर केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर ई-वॉलेट और बैंक खातों के जरिए ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार दोनों अपने सहयोगियों को बैंक खाते और एटीएम कार्ड भी उपलब्ध कराते थे, जिससे साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित होता था।इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 48/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस-2023), आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हैं और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।इस अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
केवाईसी और एटीएम बंद होने का झांसा देकर देशभर में ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, जामताड़ा पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को दबोचा
