न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 अगस्त गौरांडी। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी थाना क्षेत्र स्थित गौरांडी जंगल में रविवार सुबह एक महिला और एक युवक के शव पेड़ से लटके मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब सात बजे कुछ ग्रामीण जंगल में सूखी लकड़ियां इकट्ठा करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ की डाल से फंदे के सहारे लटक रहे दो लोगों पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बाराबनी थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक लगभग 55 वर्षीय महिला और दूसरा करीब 25 वर्षीय युवक बताया जा रहा है। हालांकि दोनों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।पुलिस का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या कर शवों को पेड़ से लटकाया गया, इस संबंध में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इन दोनों को पहले कभी इलाके में नहीं देखा था और संभवतः वे आसपास के निवासी नहीं हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई इन मृतकों की पहचान के बारे में जानकारी रखता हो तो तत्काल बाराबनी थाना से संपर्क करे, ताकि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जा सके।
गौरांडी जंगल में पेड़ से लटके मिले महिला और युवक के शव, दोहरी मौत से इलाके में सनसनी
