रानीगंज के एगरा में अचानक धंसी जमीन, दहशत में लोग; स्कूल और खेल मैदान के पास बना खतरा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त रानीगंज। रानीगंज के एगरा इलाके के बादाम बागान में शुक्रवार को अचानक जमीन धंसने की घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते जमीन का एक हिस्सा धंस गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों को बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है।जिस स्थान पर जमीन धंसी है, उसके एक ओर निजी स्कूल और दूसरी ओर सब्जी का बागान है। इसके अलावा धंसी हुई जगह के समीप बच्चों के खेलने का मैदान भी मौजूद है। ऐसे में यदि भू-धंसान का दायरा आगे बढ़ता है तो आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो सकता है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। लोगों को धंसे हुए हिस्से के करीब जाने से रोकने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। साथ ही मौके पर चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को सावधान किया गया है। प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।स्थानीय निवासी बरनाली सिंह दास ने बताया कि एगरा का यह इलाका पहले से ही भू-धंसान की घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में अचानक दोबारा जमीन धंसने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को केवल सुरक्षा घेरा लगाने तक सीमित न रहकर धंसान के कारणों की भी जांच करनी चाहिए।ग्रामीणों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जमीन धंसने की वजह क्या है और क्या आने वाले दिनों में इसका दायरा बढ़ सकता है। फिलहाल प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है। वहीं, संभावित खतरे को देखते हुए स्थानीय लोग एहतियात बरत रहे हैं और बच्चों को धंसे हुए क्षेत्र से दूर रखने की अपील कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *