न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त अंडाल। अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि लंबे समय से नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया। पहले महिलाओं ने अंडाल बीडीओ कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। वहां से समस्या का समाधान नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने अंडाल मोड़ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 के सर्विस रोड को जाम कर दिया। सड़क अवरोध के कारण देखते ही देखते इलाके में वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि वे अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए काफी समय से इंतजार कर रही हैं। आवेदन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उनके खाते में अब तक राशि नहीं पहुंची है। बार-बार अधिकारियों के समक्ष समस्या रखने के बाद भी समाधान नहीं होने से उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।महिलाओं ने बीडीओ कार्यालय के समक्ष अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि योजना की पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द बकाया राशि उपलब्ध कराई जाए और भुगतान में आ रही तकनीकी या प्रशासनिक समस्या को दूर किया जाए।इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनकी समस्या सुनने के बजाय पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग किया।घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। वहीं, सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
अन्नपूर्णा भंडार की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, सर्विस रोड जाम से अंडाल में थमे वाहनों के पहिए

