जामताड़ा में ड्रग्स कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अगस्त जामताड़ा। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में करमाटांड़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के घसकोटांड़ गांव के समीप जोरिया के पास एक व्यक्ति युवाओं को ब्राउन शुगर बेच रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और इस बार भी करीब 300 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से नशीला पदार्थ बेचने की तैयारी में था।सूचना की पुष्टि होने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वासिम राजा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने घेराबंदी कर मौके से गुनीडीह, पहाड़िया नया टोला निवासी 41 वर्षीय सोहेल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.60 ग्राम ब्राउन शुगर और जियो कंपनी का एक काले रंग का कीपैड मोबाइल बरामद हुआ।इस मामले में करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 59/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।गौरतलब है कि एसडीपीओ वासिम राजा के पदभार संभालने के बाद से जामताड़ा में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले जुलाई में करमाटांड़ के कालाझरिया से शराफत अंसारी तथा जामताड़ा शहर के कायस्थपाड़ा से चंदन मंडल को भी ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि हाल के महीनों में लगातार कार्रवाई से लाखों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं और जिले में नशे के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने का अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *