न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 4 अगस्त आसनसोल/बाराबनी। पश्चिम बर्धमान के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में अवैध झारखंड लॉटरी के कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की निगरानी और समय-समय पर होने वाली कार्रवाई के बावजूद यह गैरकानूनी धंधा विभिन्न इलाकों में लगातार फैलता जा रहा है। बताया जा रहा है कि वैध लॉटरी टिकटों की बिक्री की आड़ में अवैध नेटवर्क सक्रिय है, जिससे रोजाना बड़ी मात्रा में लेनदेन हो रहा है।सूत्रों के अनुसार, भनोड़ा कोयला खदान क्षेत्र का नीचे धावड़ा इलाका इस अवैध कारोबार का प्रमुख केंद्र बन गया है। इसके अलावा गौरंडीह, कपिस्टा तथा आसपास के कई क्षेत्रों में भी कथित रूप से यह गतिविधियां संचालित हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां केवल टिकटों की बिक्री होती थी, वहीं अब तकनीक का इस्तेमाल करते हुए व्हाट्सएप और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भी नंबर बुक किए जा रहे हैं।आरोप है कि लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा और रातों-रात आर्थिक लाभ का सपना दिखाकर इस अवैध कारोबार से जोड़ा जा रहा है। विश्वस्त सूत्रों का दावा है कि पूरे नेटवर्क का संचालन कथित तौर पर ‘संदीप’ नामक व्यक्ति के इशारे पर किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि उसके सहयोगी अलग-अलग इलाकों में एजेंटों के माध्यम से नेटवर्क का विस्तार कर रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की छापेमारी के दौरान कई बार छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई होती है, लेकिन कथित मुख्य संचालक हर बार गिरफ्त से बाहर रह जाते हैं। इससे कुछ समय के लिए गतिविधियां धीमी पड़ती हैं, लेकिन बाद में कारोबार फिर से शुरू हो जाता है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस अवैध कारोबार पर स्थायी रूप से रोक लगाई जा सके।
वैध टिकट की आड़ में बाराबनी में फल-फूल रहा अवैध झारखंड लॉटरी नेटवर्क, कार्रवाई पर उठे सवाल
