न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अगस्त कुल्टी, आसनसोल। केंद्र सरकार के वेतन ढांचे के अनुरूप न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को कुल्टी सेल ग्रोथ कारखाने के ठेका श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रमिक कारखाने के मुख्य गेट के बाहर जुटे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के कारण कारखाना परिसर के आसपास कुछ देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।आंदोलन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि वे लंबे समय से कारखाने में ठेका व्यवस्था के तहत अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लगातार काम करने के बावजूद उनकी मजदूरी में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है। बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच मौजूदा वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।श्रमिकों ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर पहले भी कई बार आवाज उठाई जा चुकी है। संबंधित स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और आंदोलन करने के बावजूद अब तक उनकी मांग पर ठोस पहल नहीं हुई। इसी वजह से एक बार फिर सभी श्रमिक एकजुट होकर आंदोलन के मैदान में उतरे हैं।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र के निर्धारित वेतन मानक के अनुरूप उन्हें न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि ठेका श्रमिक भी उत्पादन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके साथ वेतन के मामले में न्याय होना चाहिए।श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध तरीके से बड़े आंदोलन की शुरुआत करने की भी बात कही गई। फिलहाल 26 हजार रुपये वेतन की मांग को लेकर श्रमिकों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।
26 हजार रुपये वेतन की मांग पर कूुल्टी सेल ग्रोथ के ठेका श्रमिकों का प्रदर्शन, प्रबंधन के खिलाफ जताया आक्रोश

