न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अगस्त कुल्टी। करिमडांगाल इलाके में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का बराकर फांड़ी पुलिस ने महज छह दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद करते हुए मामले में दो लोगों को पकड़ा है। इनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग है, जबकि दूसरा निरसा के बेगुनिया दुर्गा मंदिर के समीप रहने वाला स्वर्णकार रिंटू माझी बताया गया है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, पिछले सप्ताह 68 नंबर वार्ड के करिमडांगाल निवासी पंकज श्रीवास्तव के घर में चोरी हुई थी। घटना के बाद बराकर फांड़ी पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक स्थानीय 17 वर्षीय किशोर पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी।बराकर फांड़ी में आयोजित प्रेस वार्ता में कुल्टी के एसीपी शेख जावेद हुसैन ने बताया कि नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने स्वर्णकार रिंटू माझी को गिरफ्तार किया। आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश कर तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने निरसा स्थित उसके आभूषण की दुकान पर छापेमारी की।एएसआई असीम चक्रवर्ती के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में दुकान से करीब 250 ग्राम चांदी तथा 6-7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक बरामद सामान की अनुमानित बाजार कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।पुलिस ने नाबालिग को जुवेनाइल होम भेज दिया है, जबकि रिंटू माझी को गुरुवार को दोबारा आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा। कार्रवाई में कुल्टी थाना आईसी अशोक सिंह महापात्र, बराकर फांड़ी प्रभारी अंजन रजक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।
छह दिन में खुला करिमडांगाल चोरीकांड का राज, नाबालिग मास्टरमाइंड सहित स्वर्णकार गिरफ्तार

