न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 अगस्त चित्तरंजन। नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर भाजपा सांसद नगेन्द्रनाथ राय उर्फ अनंत महाराज की कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को चित्तरंजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। फतेहपुर मार्केट में चित्तरंजन टाउन कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस को कथित तौर पर “वॉर क्रिमिनल” कहे जाने से बंगाल सहित देशभर के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए टिप्पणी की कड़ी निंदा की और भाजपा नेतृत्व से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महान नायकों में शामिल हैं। उनके संघर्ष, त्याग और देश की आजादी के लिए किए गए योगदान को लेकर लोगों के मन में गहरा सम्मान है। ऐसे में उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं हो सकती।प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से सांसद के कथित बयान पर स्पष्टीकरण देने तथा उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन देश के स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने चित्तरंजन थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में भाजपा सांसद नगेन्द्रनाथ राय उर्फ अनंत महाराज के खिलाफ नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।चित्तरंजन टाउन कांग्रेस के नेतृत्व ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि नेताजी की स्मृति, बलिदान और विरासत के प्रति लोगों की भावनाओं की अभिव्यक्ति है।
नेताजी पर कथित विवादित टिप्पणी के खिलाफ चित्तरंजन में फूटा आक्रोश, कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च

