न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 अगस्त रांची। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं को लेकर आंदोलनरत अभ्यर्थियों के समर्थन में बुधवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने राजधानी रांची में प्रतिरोध रैली निकाली। रैली की शुरुआत रांची विश्वविद्यालय परिसर से हुई और अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बुधराम उरांव ने की।सभा को संबोधित करते हुए एसएफआई के प्रतिनिधियों में दानिश, अमन, सोनाली और ओजस्वी राज ने कहा कि राज्य के युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार उठ रहे सवालों के कारण अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर हुआ है, इसलिए सरकार को पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।डीवाईएफआई के राज्य संयोजक मोहन मंडल ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र-युवा आंदोलन के बावजूद सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि सरकार आंदोलनरत अभ्यर्थियों से तत्काल वार्ता करे, जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को निरस्त कर नई परीक्षा आयोजित करे तथा परीक्षा परिणाम पूरी तरह पारदर्शी तरीके से जारी किए जाएं। साथ ही वर्ष 2001 से अब तक आयोजित सभी जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।एसएफआई के पूर्व कार्यकर्ता रंजीत मोदक ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के अवसर सभी वर्गों के युवाओं के लिए समान होने चाहिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी परीक्षा प्रणाली ही गरीब और अमीर के बीच शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित कर सकती है।सभा में बड़ी संख्या में छात्र-युवा और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार जल्द संवाद शुरू नहीं करती है तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में डीवाईएफआई के रांची जिला सचिव कपिल महतो सहित अमित मुंडा, कीर्ति सिंह मुंडा, विकास सिंह मुंडा, आशीष कुमार सिन्हा, उत्तम मंडल, करण चक्रवर्ती, बिगल उरांव एवं अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में एसएफआई-डीवाईएफआई का प्रदर्शन, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की उठाई मांग
