निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम के पीछे तालाब में डूबा युवक, गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 अगस्त मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम के पीछे बने तालाब में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हलुदकनली निवासी रवि कोल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार रवि कोल शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तालाब में स्नान करने गया था। नहाने के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया। पानी की अधिक गहराई होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते डूब गया। तालाब के किनारे मौजूद दो छोटे बच्चों ने घटना देख तत्काल गांव में इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही एएसआई सुजन रवानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को बचाने के प्रयास में उन्होंने स्वयं तालाब में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद केलाही गांव से गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने काफी देर तक अभियान चलाने के बाद रवि कोल का शव तालाब से बाहर निकाला।बचाव अभियान में जैनुल अंसारी, जसीम अंसारी, नदीम अंसारी, अजीम अंसारी, सत्तार अंसारी, गुलु अंसारी, इरफान अंसारी, तैयब अंसारी, नईम अंसारी, अंसारुल अंसारी, शमीम अंसारी, फांका अंसारी, पठान अंसारी, शमशेर अंसारी, मुबारक अंसारी सहित कई स्थानीय गोताखोरों ने अहम भूमिका निभाई।घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पुलु यादव, समाजसेवी काजू शर्मा, वार्ड पार्षद कैलाश साव, रवि मिस्त्री समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत लगाने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *