न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 9 अगस्त सालानपुर। सालानपुर थाना क्षेत्र के देन्दुआ मोड़ पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में करीब 70 वर्षीय स्थानीय निवासी करुणामय दे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे उस समय हुआ, जब चित्तरंजन की ओर से कल्याणेश्वरी जा रहे एक चौदह चक्का ट्रक ने देन्दुआ मोड़ के पास बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में ट्रक का अगला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे कमर से लेकर दाहिने पैर तक का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया। घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को बचाने का प्रयास किया। लोगों का आरोप है कि घटनास्थल पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद समय पर एंबुलेंस या पुलिस वाहन उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इसके बाद ईसीएल के एक वाहन की मदद से घायल को तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया।इधर, घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक को रोककर विरोध शुरू कर दिया और सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में लागू नो-एंट्री व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर पुलिस-प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।स्थानीय निवासी प्रद्युत दत्ता ने आरोप लगाया कि नो-एंट्री के नियमों में ढील और समय में बदलाव के कारण देन्दुआ मोड़ समेत आसपास के इलाकों में लगातार जाम की स्थिति बन रही है। उनका कहना था कि यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।सड़क जाम के कारण आसनसोल-चित्तरंजन तथा देन्दुआ-कल्याणेश्वरी मार्ग पर करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और इलाके में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन और तत्काल आर्थिक सहायता दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया और यातायात सामान्य हुआ।
हादसे के बाद भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम कर ट्रैफिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
