बैटरी धमाके ने छीनी जिंदगी: रूपनारायणपुर के कारोबारी सुभाष पाल का इलाज के दौरान निधन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 अगस्त रूपनारायणपुर। बैटरी विस्फोट की दर्दनाक घटना में गंभीर रूप से झुलसे रूपनारायणपुर के व्यवसायी सुभाष चंद्र पाल (56) की आखिरकार जिंदगी की जंग हार गए। दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में सोमवार तड़के करीब चार बजे इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही रूपनारायणपुर बाजार और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।बताया गया कि 27 अगस्त को सामडी रोड स्थित बागची मोड़ के पास उनकी दुकान ‘मां काली टोटो सेल्स एंड सर्विस सेंटर’ में यह हादसा हुआ था। दुकान में काम करने के दौरान अचानक बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि सुभाष पाल गंभीर रूप से झुलस गए। विस्फोट के बाद दुकान में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा प्रतिष्ठान जलकर खाक हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अंततः उन्हें दुर्गापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की ओर से लगातार उपचार और बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।सुभाष चंद्र पाल हरिषाडी इलाके के निवासी थे और लंबे समय से रूपनारायणपुर बाजार में व्यवसाय कर रहे थे। स्थानीय व्यापारियों के बीच उनकी अच्छी पहचान थी। वे वेलफेयर एसोसिएशन से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेते थे।उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बाजार के व्यवसायियों और परिचितों में भी गहरा शोक है। बाजार व्यापारी समिति की ओर से दिवंगत व्यवसायी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *