न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 अगस्त जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले तथा आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राष्ट्रध्वज फहराया। तिरंगे को सलामी देने के बाद उन्होंने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए विकास, जनकल्याण और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।अपने संबोधन की शुरुआत मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, एकता और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समावेशी व आत्मनिर्भर झारखंड का निर्माण करना है।मंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि अप्रैल से जुलाई 2026 तक जिले में 5,624 संस्थागत प्रसव, 7,463 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच और 5,946 बच्चों का पूर्ण टीकाकरण कराया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 3.41 लाख आयुष्मान कार्ड तथा 6.02 लाख आभा कार्ड बनाए गए हैं। सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।उन्होंने कृषि एवं ग्रामीण विकास के तहत सिंचाई, जल संरक्षण, बीज वितरण, सौर पंप और किसानों की आय बढ़ाने वाली योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। आवास योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिलने तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किए जाने की जानकारी दी।शिक्षा के क्षेत्र में आईसीटी आधारित शिक्षा, मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पीएम श्री विद्यालय और व्यावसायिक शिक्षा जैसी पहलों को रेखांकित किया गया। सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल और स्वच्छता के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने सभी से सहयोग की अपील की और “न्यू झारखंड, न्यू जामताड़ा” के निर्माण का आह्वान किया।
तिरंगे के साए में ‘न्यू झारखंड, न्यू जामताड़ा’ का संकल्प, मंत्री इरफान अंसारी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

