न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अगस्त जामताड़ा। खनन एवं खनिज विकास और विनियमन संशोधन विधेयक 2026 तथा चंदा चोरी के आरोपों के विरोध में गुरुवार को जामताड़ा के महात्मा गांधी चौक पर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। आंदोलन के दौरान झारखंड के अधिकारों और खनिज संपदा पर राज्य की हिस्सेदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा पर पहला अधिकार राज्य की जनता का है और किसी भी ऐसे प्रावधान का विरोध किया जाएगा, जिससे झारखंड के आर्थिक हित प्रभावित हों।मंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “अभी तो यह झांकी है, पिक्चर अभी बाकी है।” उन्होंने भाजपा पर युवाओं, किसानों और गरीबों के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कानून बनाने हैं तो रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कानून बनाए जाएं।राम मंदिर के नाम पर चंदे को लेकर भी डॉ. अंसारी ने भाजपा पर सवाल उठाए और कहा कि जनता अब हर मुद्दे पर जवाब मांग रही है। उन्होंने 2029 में राहुल गांधी के नेतृत्व में राजनीतिक बदलाव का दावा भी किया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा और कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने भी केंद्र की नीतियों की आलोचना करते हुए झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने की बात कही।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में संबंधित विधेयक के प्रावधानों पर पुनर्विचार तथा झारखंड के आर्थिक और खनिज अधिकारों की सुरक्षा की मांग की गई।
खनन कानून के विरोध में जामताड़ा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, इरफान अंसारी ने केंद्र पर बोला हमला

