मोबाइल नहीं, मैदान की ओर लौटे युवा : अग्निमित्रा पाल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 अगस्त आसंसोल। “प्ले स्टेशन नहीं, प्ले ग्राउंड की जरूरत है।” युवा पीढ़ी को मोबाइल और डिजिटल दुनिया की बढ़ती लत से बाहर निकालकर खेल के मैदान से जोड़ने का संदेश गुरुवार को आसनसोल के बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज में दिया गया। अवसर था केंद्र सरकार के ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम का, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम में भाग लिया।कार्यक्रम में राज्य की मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी का काफी समय मोबाइल और डिजिटल माध्यमों में बीत रहा है। ऐसे में शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक विकास के लिए युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी जरिया भी है।उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि खेल नशे से दूर रखने का मजबूत माध्यम बन सकता है। ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।बताया गया कि देशभर से ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के लिए चुनिंदा 16 कॉलेजों में बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज को भी स्थान मिला है। पश्चिम बंगाल से इस कॉलेज का चयन होने पर विद्यार्थियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखा गया।मौके पर विधायक जितेंद्र तिवारी, डॉ. बिजन मुखर्जी, कृष्णेंदु मुखर्जी, जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संदेश के दौरान कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *