मोहडार में गूंजी नात की सदाएं, ईद मिलादुन्नबी के जलसे में इंसानियत और भाईचारे का दिया संदेश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अगस्त जामताड़ा। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मोहडार गांव में अंजुमन कमेटी की ओर से बुधवार देर रात भव्य धार्मिक जलसे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लेकर पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं को सुना। जलसे में मौलाना जाकिर हुसैन नोमानी समेत कई उलेमा मौजूद रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ कुरान पाक की तिलावत से हुआ। इसके बाद मदरसे के बच्चों और बच्चियों ने खूबसूरत अंदाज में नात शरीफ पेश की। उनकी प्रस्तुति से माहौल आध्यात्मिक और खुशनुमा हो गया। इस दौरान बच्चों से इस्लामी ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए, जिसका उन्होंने उत्साहपूर्वक जवाब दिया।मुख्य वक्ता मौलाना जाकिर हुसैन नोमानी ने पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम के जीवन और संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन पूरी इंसानियत के लिए मार्गदर्शन का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, प्रेम और भाईचारा कायम करने के लिए उनके बताए आदर्शों को अपनाना जरूरी है। मौलाना ने जरूरतमंदों की सहायता करने और सभी के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करने की अपील की।मदरसे के बच्चों की दीनी जानकारी और नात प्रस्तुति की सराहना करते हुए उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार एवं इंसानियत की सीख देने का आह्वान किया।प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंजुमन कमेटी ने मदरसे में शिक्षा व्यवस्था के लिए इमाम मौलाना जाकिर नोमानी को एक अलमारी भी भेंट की।मौके पर अलाउद्दीन अंसारी, जान मोहम्मद, मुनताज अंसारी, असलम अंसारी, हसरत अंसारी, सलीम अंसारी, अकरम अंसारी, अबुल अंसारी, जुनैद अंसारी, वसीम अंसारी, जहांगीर अंसारी, सद्दाम अंसारी, अख्तर अंसारी और असगर अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जलसे का समापन सामूहिक दुआ के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *