पांडेडीह में दर्दनाक सड़क हादसा: थार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी-पुत्र गंभीर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अगस्त जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार शाम करीब चार बजे हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मदद की।मिली जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर बूढ़े सरपता गांव निवासी भरत पंडित (35) अपनी पत्नी दुली देवी (30) और पुत्र अजय कुमार (17) के साथ बाइक से अपने ससुराल टोपाटांड़ जा रहे थे। बताया गया कि वे सिकरपोसनी की ओर से गोविंदपुर-साहिबगंज मार्ग होते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पांडेडीह पेट्रोल पंप के पास दिग्घारी की दिशा से आ रहे एक थार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में भरत पंडित समेत उनकी पत्नी और पुत्र को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद भरत पंडित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दुली देवी और अजय कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायलों के परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *