डीएवी जामताड़ा में स्काउट-गाइड का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, अनुशासन और सेवा भावना का मिलेगा व्यावहारिक पाठ

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 जुलाई 2026 जामताड़ा। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड संस्था के तत्वावधान में चार दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयोग, रांची के आयुक्त हैदर अली तथा जामताड़ा जिला संगठन आयुक्त राजेश कुमार यादव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 जुलाई तक चलेगा, जिसके समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।शिविर के पहले दिन आयोजित प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड की मूल अवधारणाओं से परिचित कराया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, प्राथमिक अभ्यास और सामूहिक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया, जिससे विद्यालय परिसर का वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला संस्कार अभियान है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करते हैं।प्राचार्य ने बताया कि डीएवी पब्लिक स्कूल अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। हाल के दिनों में विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और संकुल स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पहले भी स्काउट-गाइड प्रशिक्षण आयोजित होते रहे हैं तथा एनसीसी जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी विद्यार्थियों को अनुशासन और नेतृत्व का प्रशिक्षण दिया जाता है।कार्यक्रम में लगभग 1700 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीईटी) तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, सहयोग, सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उन्हें जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *