जामुड़िया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ECL के वीरान क्वार्टर से हथियारों का जखीरा बरामद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त जामुड़िया। जामुड़िया इलाके में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डीडी टीम और जामुड़िया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नॉर्थ सियारसोल कोलियरी स्थित एक परित्यक्त ECL क्वार्टर से बड़ी संख्या में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस की यह कार्रवाई हिरासत में लिए गए प्रेमपाल सिंह से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर की गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे संयुक्त टीम ने सुनसान पड़े दो मंजिले ECL क्वार्टर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को एक देशी 7 एमएम पिस्तौल, एक देशी रिवॉल्वर, दो देशी पाइपगन और आठ जिंदा कारतूस मिले। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।बताया गया है कि जामुड़िया थाना कांड संख्या 219/26 के सिलसिले में प्रेमपाल सिंह को 8 जून 2026 को BNS की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उससे मिली जानकारी को आधार बनाकर हथियारों के इस ठिकाने तक पहुंचा गया।बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियारों से संबंधित एक नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार वहां किसने पहुंचाए, उन्हें रखने का उद्देश्य क्या था और क्या इसके पीछे कोई संगठित हथियार तस्करी या आपराधिक गिरोह सक्रिय है।इधर, छह दिनों की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद गुरुवार को प्रेमपाल सिंह को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। जामुड़िया थाना पुलिस ने आगे की पूछताछ और जांच के लिए अदालत से अतिरिक्त 10 दिनों की हिरासत मांगी है।एक ही स्थान से कई हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब कथित हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *