न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 नवंबर मिहिजाम। आगामी काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग तेज होने लगी है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद प्रशासन से साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था समय रहते दुरुस्त करने की अपील की गई है।इस संबंध में कांग्रेस यूथ वाइस प्रेसिडेंट कृष्णा राम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार से मुलाकात कर उन्हें लिखित आवेदन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने नगर परिषद के सभी 20 वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाने और पर्व से पहले सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने की मांग की है।उन्होंने कहा कि काली पूजा और छठ के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में मुख्य सड़कों के साथ-साथ मोहल्लों की गलियों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित करना जरूरी है। विशेष रूप से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सभी छठ घाटों की सफाई, कचरे का उठाव तथा घाटों के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया है।ज्ञापन में उन गलियों की समस्या भी उठाई गई है, जहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण शाम और रात के समय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कृष्णा राम ने ऐसे स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब पड़ी लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की है।इसके अलावा छठ घाटों पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुरक्षित बनाने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की अपील की गई है।कृष्णा राम ने कहा कि आस्था से जुड़े इन पर्वों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। इसलिए नगर परिषद प्रशासन को अंतिम समय की भागदौड़ से बचते हुए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर लेनी चाहिए। अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन इन मांगों पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।
काली पूजा और छठ से पहले मिहिजाम में व्यवस्था सुधारने की मांग, 20 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने की अपील
