न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 अगस्त जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।बैठक में एनएच-419 स्थित क्षतिग्रस्त बजराघाट पुल का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सुरक्षा को देखते हुए उपायुक्त ने पुल से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकने का निर्देश दिया। साथ ही पुल के पास नाव के जरिए लोगों और दोपहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक लगाने तथा इसकी जानकारी लोगों तक व्यापक रूप से पहुंचाने को कहा।उपायुक्त ने रानीडीह स्टेडियम का निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने का निर्देश दिया। इसके लिए विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को अंचल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। वहीं पीवीटीजी बाहुल्य गांवों का सर्वे कर उन्हें बुनियादी सुविधाओं से लैस करने के लिए विशेष योजना तैयार करने का निर्देश दिया।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के लिए पीडीएस दुकानों पर शिविर लगाने को कहा गया। सदर अस्पताल में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।बैठक में सड़क किनारे अनुपयोगी बिजली पोल से बनाए गए अनधिकृत स्पीड ब्रेकर हटाने, विद्यालयों से नंगे बिजली तार हटाने तथा खाद्यान्न गोदाम निर्माण में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई।मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, एसडीओ अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, डीपीआरओ सुनील कुमार सिंह, डीएसपी नीलम कुजूर, डीईओ चार्ल्स हेंब्रम, डीएसओ कयूम अंसारी, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर और डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बजराघाट पुल पर आवाजाही बंद करने का आदेश, विकास योजनाओं में तेजी लाने पर डीसी का जोर

