केवाईसी के बहाने बैंक खाते की जानकारी जुटाकर करते थे साइबर ठगी, दो आरोपी दबोचे गए

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 अगस्त जामताड़ा। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा साइबर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार को साइबर डीएसपी अमित रविदास ने साइबर थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर कार्रवाई का खुलासा किया। पुलिस ने साइबर थाना कांड संख्या 69/25 में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो निवासी जैकी कुमार मंडल, पिता रघुनाथ मंडल और पिण्डारी गांव निवासी मोहम्मद अंसारी उर्फ गुलाम असारी, पिता मरहूम रखाल मियां को पकड़ा। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनके साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की पड़ताल में जुटी है।जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक ग्राहकों को केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देकर उनके एटीएम और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद प्राप्त बैंकिंग डिटेल का इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी के लिए किया जाता था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया है और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद उपकरणों की जांच के जरिए पुलिस साइबर ठगी से संबंधित डिजिटल साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।साइबर डीएसपी अमित रविदास ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि केवाईसी अपडेट के नाम पर फोन करने वाले अनजान लोगों को बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *