न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अगस्त जामताड़ा। स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और बेहतर समाज के संकल्प के साथ रविवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में WALKATHON 2.0 का आयोजन किया गया। मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा एवं समृद्धि शाखा के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वॉकथॉन के जरिए लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।इस वर्ष अभियान की थीम “Walk Together, Thrive Together” यानी ‘साथ चलें, समृद्ध बनें’ रखी गई। कार्यक्रम के माध्यम से फिटनेस के साथ सामाजिक एकजुटता, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।मारवाड़ी युवा मंच जामताड़ा शाखा के अध्यक्ष जतिन परशुरामका ने कहा कि स्वस्थ शरीर व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। वॉकथॉन का उद्देश्य केवल लोगों को पैदल चलने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य और जीवनशैली के प्रति सजग बनाना भी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और बेहतर भविष्य के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।उन्होंने बताया कि WALKATHON 2.0 अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का राष्ट्रीय अभियान है, जिसके तहत देशभर में एक साथ 800 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जामताड़ा में भी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।कार्यक्रम में मंच के सचिव अभिषेक डोकानियां, चंदन परशुरामका, प्रदीप अग्रवाल, कपूर नारनोलिया, विनीत गुटगुटिया, राजेश शक्सेरिया, मिंटू अग्रवाल, उमेश शास्त्री सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं समृद्धि शाखा की अध्यक्षा प्रीति अग्रवाल, सचिव खुशबू लोहारिका, नीतू परशुरामका, सुमन टिबरीवाल और केशव परशुरामका समेत बड़ी संख्या में सदस्यों ने वॉकथॉन में सहभागिता की।
‘साथ चलें, समृद्ध बनें’ के संदेश से जामताड़ा में निकला वॉकथॉन, फिटनेस के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

