न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 मई 2026 मिहिजाम/जामताड़ा। दवा व्यवसायियों के राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर जामताड़ा जिले के दवा विक्रेताओं ने आगामी 20 मई, बुधवार को एक दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। इस निर्णय के तहत जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। हड़ताल को लेकर सोमवार को मिहिजाम में प्रेस वार्ता आयोजित कर जामताड़ा जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने अपनी रणनीति और मांगों को सार्वजनिक किया।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष उमेश झा ने कहा कि यह हड़ताल केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि दवा व्यवस्था में पारदर्शिता और मरीजों की सुरक्षा से भी जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान तथा झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संगठन के निर्देश पर जिले के सभी दवा व्यवसायी इस आंदोलन में शामिल होंगे।उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण, बड़े कॉर्पोरेट संस्थानों द्वारा दिए जा रहे अत्यधिक डिस्काउंट पर रोक और नकली दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। उनका कहना था कि अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री से न केवल छोटे दवा व्यवसायियों पर असर पड़ रहा है, बल्कि दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।उमेश झा ने कहा कि दवा कोई सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं है, बल्कि यह सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। ऐसे में इसकी बिक्री और वितरण व्यवस्था में जवाबदेही और निगरानी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।प्रेस वार्ता के दौरान केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट मिहिजाम इकाई के सचिव मुकेश कुमार यादव, उप सचिव काजिम कमाल, पप्पू कुमार दास तथा मुनेश्वर साव भी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की और जिले के दवा व्यवसायियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया।20 मई की इस हड़ताल को लेकर जिले में दवा कारोबार से जुड़े लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है और मरीजों को भी आवश्यक दवाएं पहले से लेने की सलाह दी जा रही है। साथ ही यह भी बताया कि उक्त दिवस पर 24 घंटे हड़ताल के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था समाज को मुहैया कराने के लिए मिहिजाम में मेडिक्योर एवं जामताड़ा में जूली मेडिकल आपातकालीन सेवा जारी रखने के लिए खुली रहेगी।
20 मई को जामताड़ा में थमेगी दवा कारोबार की रफ्तार, केमिस्ट संगठन ने ऑनलाइन बिक्री और भारी छूट के खिलाफ खोला मोर्चा
