करमाटांड़ में मिठाई दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, छत का अल्बेस्टर तोड़ 26 हजार रुपये ले उड़े

न्यूज 61 लाइव संवाददाता राजकुमार 26 अक्टूबर करमाटांड़। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुभाष चौक में चोरों ने एक मिठाई दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 26 हजार रुपये की चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के लिए चोरों ने दुकान की छत पर लगे अल्बेस्टर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।मामले को लेकर दुकान संचालक पारस साह, पिता स्वर्गीय भोला साह, निवासी करमाटांड़ ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। आवेदन के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे, तो छत का अल्बेस्टर टूटा हुआ देखकर उन्हें संदेह हुआ।दुकान के अंदर जांच करने पर गल्ले में रखे लगभग 26 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने चोरी की जानकारी पुलिस को दी। दुकानदार के मुताबिक, चोरी हुई रकम लक्ष्मी पूजा के अवसर पर दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को भुगतान करने के लिए रखी गई थी। नकदी चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।पारस साह ने बताया कि उनकी दुकान में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी तरह दुकान को निशाना बनाकर नकदी चोरी की गई थी। लगातार ऐसी घटनाओं से दुकानदारों की चिंता बढ़ गई है।इधर, शिकायत मिलने के बाद करमाटांड़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। अब दुकानदार को चोरी गई रकम की बरामदगी और आरोपियों की पहचान होने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *