मां पार्वती प्रतिमा खंडित होने पर भाजपा का आक्रोश, 20 मई से आंदोलन की चेतावनी; दोषियों की गिरफ्तारी को दिया दो दिन का समय

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में मां पार्वती की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक माहौल गर्माने लगा है। घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंदिर पहुंचा और घटना पर गहरी नाराजगी जताई। इस दौरान पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि 19 मई तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 20 मई को जामताड़ा जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।मंदिर परिसर में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि जिले में लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था और अब ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में मां पार्वती की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना सामने आई है, जिसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी। जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी पुलिस अधिकारियों से बातचीत हुई है, जिसमें प्रशासन की ओर से दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। साथ ही उन्होंने गांधी मैदान की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई।सुमित शरण ने कहा कि गांधी मैदान में देर रात असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं और कुछ लोग इस क्षेत्र को अड्डा बना रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से अपील की कि एक निश्चित समय के बाद मैदान में प्रवेश को नियंत्रित करने की व्यवस्था बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।वहीं भाजपा के जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि गांधी मैदान हमेशा लोगों की गतिविधियों का केंद्र रहता है। ऐसे स्थान पर इस तरह की घटना होना कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।इस दौरान भाजपा नेता राजेंद्र राउत, जिला मंत्री आभा आर्या, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, रथु दास, ब्रजेश राउत, राकेश पाल, रमेश राउत, अनूप दास समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *