न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 अगस्त जमुड़िया। सरकारी खाास जमीन पर कथित कब्जा कर निर्माण कराने के आरोप को लेकर जमुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिचुड़िया ग्राम पंचायत इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए काम बंद करा दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद फिलहाल दो दिनों तक निर्माण कार्य रोकने का निर्णय लिया गया।ग्रामीणों का आरोप है कि डोबराना गांव निवासी श्रीमंत ठाकुर उर्फ बापी ठाकुर ने चिचुड़िया मौजा में स्थित सरकारी खाास जमीन पर कथित रूप से कब्जा कर निर्माण शुरू कराया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन सार्वजनिक उपयोग से जुड़ी है और इसे किसी निजी व्यक्ति के हित में इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।ग्रामीणों के मुताबिक, जमीन से संबंधित शिकायत पहले भी ब्लॉक के भूमि एवं भूमि राजस्व विभाग सहित संबंधित सरकारी अधिकारियों को लिखित रूप में दी गई थी। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीण एकजुट होकर निर्माण स्थल पर पहुंचे और काम रोकते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।हालांकि, बापी ठाकुर ने ग्रामीणों के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं किया है और अपने भूखंड पर वैध तरीके से निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में न्यायालय से संबंधित एक दस्तावेज भी प्रस्तुत किया। उन्होंने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया।विरोध बढ़ने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस की पहल पर फिलहाल दो दिनों के लिए निर्माण रोक दिया गया है।प्रशासन अब सरकारी अमीन के माध्यम से जमीन की दोबारा मापी कराएगा। संबंधित दस्तावेजों और अमीन की रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि जमीन सरकारी खास है अथवा निजी। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर जमुड़िया में बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद काम दो दिन के लिए बंद

