न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त जामुड़िया। आकलपुर स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान 45 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतका की पहचान जामुड़िया थाना क्षेत्र के दामोदरपुर छाताडांगा आदिवासी पाड़ा निवासी बुधनी हेमराम के रूप में हुई है। परिजनों ने स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर्मियों पर समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया है।परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे बुधनी हेमराम को सीने और कमर में तेज दर्द की शिकायत के बाद आकलपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद भी उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल चिकित्सक को नहीं बुलाया गया। परिजनों का दावा है कि मौजूद नर्सों ने खुद ही मरीज को इंजेक्शन दिया।परिवार के मुताबिक इंजेक्शन दिए जाने के बाद बुधनी की तकलीफ और बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने कई बार चिकित्सक को बुलाने का आग्रह किया। उनका आरोप है कि उन्हें बताया गया कि चिकित्सक उस समय आउटडोर में मरीजों को देख रहे हैं। इसी दौरान मरीज की हालत बिगड़ती चली गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए दो नर्सों के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग को लेकर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर जामुड़िया थाने से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।बाद में प्रदर्शनकारियों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और मामले की जांच की मांग को लेकर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को लिखित शिकायत सौंपी। बीएमओ अविनाश बेसरा ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी।स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किस कारण से हुई और इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी या नहीं।
इलाज में लापरवाही के आरोप पर आक्रोश, आकलपुर स्वास्थ्य केंद्र में परिजनों का हंगामा

