न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अगस्त जामताड़ा। शादी का झांसा देकर युवती का कथित यौन शोषण करने और बाद में उसके निजी अंतरंग वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में कुंडहित थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जामताड़ा जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।पुलिस के अनुसार, बाबूपुर गांव की करीब 19 वर्षीय युवती ने मामले को लेकर कुंडहित थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुंडहित थाना कांड संख्या 30/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(ई) और 67(ए) के तहत कार्रवाई शुरू की।मामले में नामजद आरोपी की पहचान कुंडहित थाना क्षेत्र के हल्दीडीह गांव निवासी अभिजीत भंडारी, पिता विमल भंडारी के रूप में हुई है। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों के बीच बने निजी अंतरंग वीडियो को कथित तौर पर आरोपी ने फेसबुक पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद वीडियो के वायरल होने की बात सामने आई।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जामताड़ा जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर किस तरह प्रसारित हुआ और इसमें अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।
शादी का झांसा, फिर निजी वीडियो वायरल! युवती की शिकायत पर आरोपी युवक गिरफ्तार

