न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अगस्त जामताड़ा। किसानों को सरकारी योजनाओं का बेहतर लाभ दिलाने और कृषि संबंधी आंकड़ों को डिजिटल रूप देने की दिशा में कर्माटांड़ प्रखंड सभागार में सोमवार को जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा, जामताड़ा के निर्देश पर हुए कार्यक्रम में डिजिटल क्रॉप सर्वेयर और कृषक मित्रों को फसल बीमा तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप परियोजना निदेशक आत्मा, जामताड़ा संजय कुमार सिंह ने कहा कि फसल बीमा और डिजिटल क्रॉप सर्वे केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से किसानों तक कृषि विभाग की सुविधाएं पहुंचाने और फसल से संबंधित सही जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से फसल बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि बीमा से वंचित रहने पर फसल क्षति की स्थिति में संबंधित लाभ नहीं मिल पाएगा।प्रशिक्षक भानु प्रताप और अब्दुल मजीद ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया को व्यावहारिक तरीके से समझाया। डेमो के जरिए सर्वे करने की तकनीक, मोबाइल आधारित प्रक्रिया तथा कार्य के दौरान आने वाली संभावित परेशानियों के समाधान की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य सर्वेयरों को मौके पर बेहतर तरीके से काम करने के लिए तैयार करना रहा।अधिकारियों के अनुसार कर्माटांड़ प्रखंड में डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए करीब 1.10 लाख का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के बाद सर्वे कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई गई।कार्यक्रम में प्रखंड जनसेवक लखीराम कॉल, सुमित बेसरा, फसल बीमा के प्रखंड कोऑर्डिनेटर, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय कुमार, कृषक मित्र तथा डिजिटल क्रॉप सर्वेयर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी कर्मियों से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
खेतों का डिजिटल रिकॉर्ड मजबूत करने की कवायद, कर्माटांड़ में फसल बीमा व क्रॉप सर्वे पर प्रशिक्षण

