न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त आसनसोल। महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक नई पहल शुरू की है। सोमवार को विशेष महिला सुरक्षा दस्ता ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस मौके पर राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल सहित प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।उद्घाटन कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।पुलिस के अनुसार, शुरुआती चरण में 10 महिला पुलिसकर्मियों को इस विशेष दस्ते में शामिल किया गया है। इन महिला जवानों को ‘श्रीशक्ति’ के नाम से चिन्हित किया गया है। सभी कर्मी 10 मोटरसाइकिल और स्कूटर के जरिए कमिश्नरेट के विभिन्न इलाकों में लगातार गश्त करेंगी।दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। छेड़खानी, महिला से दुर्व्यवहार, हमला अथवा किसी अन्य अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि किसी महिला को आपात स्थिति का सामना करना पड़े तो वह 100 या 112 नंबर पर संपर्क कर सकती है। सूचना मिलते ही सुरक्षा स्क्वॉड की टीम घटनास्थल पर पहुंचने का प्रयास करेगी।पुलिस प्रशासन के मुताबिक स्कूल-कॉलेज, बाजार, बस स्टैंड, औद्योगिक क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की बाइक पेट्रोलिंग से त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। खासकर उन इलाकों में टीम की सक्रियता बढ़ाई जाएगी, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। अब देखना होगा कि ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ की यह नई व्यवस्था जमीनी स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा में कितनी कारगर साबित होती है।
महिलाओं की सुरक्षा को मिलेगी रफ्तार, 10 बाइक पर सवार ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड’ ने संभाला मोर्चा

