न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 17 अगस्त आसनसोल/मैथन। मैथन आने वाले तीर्थयात्रियों को कम खर्च में ठहरने की सुविधा देने के उद्देश्य से आसनसोल नगर निगम द्वारा बनाया गया ‘मां कल्याणेश्वरी अतिथि निवास’ अब जमीन विवाद के कारण कानूनी पेंच में फंस गया है। अतिथि निवास के निर्माण के बाद से ही जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को अदालत की टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की स्थिति का स्थल निरीक्षण किया।देवीपुर मौजा निवासी राजकुमार प्रसाद नुनिया का दावा है कि 1241 नंबर दाग में उनकी करीब एक बीघा 14 कट्ठा जमीन है और इसी भूखंड पर अतिथि निवास का निर्माण किया गया है। उनका कहना है कि पूर्व में अदालत ने उनके पक्ष में कब्जे को लेकर निर्देश दिया था, लेकिन पूरी जमीन का कब्जा उन्हें नहीं मिल पाया। इसके बाद उन्होंने दोबारा न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।मामले की जांच के लिए सोमवार को आसनसोल अदालत से नाजिर, बीएलआरओ कार्यालय के अधिकारी और अधिवक्ताओं की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल्टी थाना और कल्याणेश्वरी फांड़ी की पुलिस भी मौजूद रही। टीम ने जमीन के नक्शे और संबंधित दस्तावेजों का मिलान करते हुए स्थल पर जमीन की पहचान की। निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत की जाएगी।हालांकि नगर निगम का पक्ष अलग है। निगम का कहना है कि अतिथि निवास 1241 दाग पर नहीं, बल्कि 1/1241 नंबर प्लॉट पर बनाया गया है। निगम के अधिवक्ता रबिउल इस्लाम ने कहा कि विवाद दोनों दागों की सीमा को लेकर है और अदालत की रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी।पीपीपी मॉडल पर बने अतिथि निवास के संचालनकर्ता रामचंद्र साव ने भी कहा कि उनके अनुसार यह सरकारी परियोजना 1/1241 दाग की जमीन पर है। फिलहाल दोनों पक्ष अदालत के अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं और अतिथि निवास का भविष्य न्यायालय के अंतिम निर्णय पर निर्भर है।
जमीन विवाद में फंसा ‘मां कल्याणेश्वरी अतिथि निवास’, 1241 या 1/1241 प्लॉट पर अदालत में खींचतान

