रामपुर एमवीआई कार्यालय में परिवहन मंत्री का औचक निरीक्षण, भ्रष्टाचार पर लगाम के लिए बॉडी कैमरे का ऐलान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 17 अगस्त आसनसोल/कुल्टी। आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे स्थित रामपुर एमवीआई कार्यालय का सोमवार को राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने के साथ अधिकारियों के साथ बैठक कर कामकाज की स्थिति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कार्यालय की मौजूदा व्यवस्था पर मंत्री ने असंतोष जताते हुए कहा कि यहां आधारभूत संरचना की कमी है। कार्यालय का वातावरण बेहतर बनाने के साथ जरूरी सुविधाओं को विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने पिछले कुछ दिनों से कार्यालय बंद रहने के कारण सरकारी राजस्व को हुए नुकसान का भी उल्लेख किया। एमवीआई विभाग के कुछ कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य कर्मियों के मनोबल पर पड़े असर को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि पूर्व में वाहन चालकों से कथित तौर पर ‘डंडा टैक्स’ के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आती थीं। अब ओवरलोडिंग या अन्य नियम उल्लंघन की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के तहत ही सरकारी राजस्व वसूला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स से जुड़ी सभी वसूली को 100 प्रतिशत ऑनलाइन करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जल्द ही राज्य के सभी एमवीआई अधिकारियों को बॉडी कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। रामपुर एमवीआई कार्यालय में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और इसकी निगरानी केंद्रीय ‘वार रूम’ से की जाएगी।उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी से भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ कर्मचारियों पर लगाए जाने वाले झूठे आरोपों की भी जांच संभव होगी। निरीक्षण के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *